संवाद न्यूज़ एजेंसी
मोरना। गंगा सप्तमी अथवा गंगा अवतरण दिवस पर शुकतीर्थ गंगा घाट पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां गंगा की पूजा व अभिषेक कर महाआरती करते हुए स्वच्छता की शपथ ली। गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
महाभारत कालीन तीर्थ नगरी शुकतीर्थ मे गंगा घाट पर गंगा अवतरण दिवस के अवसर पर मां गंगा को दूध, दही, शहद आदि अर्पित कर पूजा कर गंगा मंदिर में महाआरती की गई। युवा भाजपा नेता अमित राठी ने गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि मोक्ष दायिनी मां गंगा जीवनदायिनी है। करोड़ों जीवधारी मां गंगा के पवित्र आंचल में वास कर रहे हैं। गंगा की स्वच्छता को लेकर शासन प्रशासन प्रतिबद्ध है। जन सहयोग से गंगा को स्वच्छ बनाने का कार्य जारी है। अखिल भारतीय जाट महासभा के जिला महासचिव दीपक चौधरी एडवोकेट ने कहा कि पहलगाम की घटना को लेकर देश के नागरिक आहत हैं। धैर्य को त्याग कर शीघ्र बदला लिया जाये। अखिल भारतीय जाट महासभा के जिलाध्यक्ष चौधरी बृजवीर सिंह, आचार्य अजय कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। मोनू राणा, धीरेंद्र चौधरी, जोनू चौधरी, नरेश त्यागी, विकास गुप्ता, राजू, धीरेंद्र सहरावत, हनी सहरावत, स्वामी भजनानंद महाराज आदि मौजूद रहे।