तितावी थाने पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण-संवाद
तितावी(मुजफ्फरनगर)। जवाहर नवोदय विद्यालय बघरा से कक्षा नौ का छात्र आर्यन कुमार (14 ) संदिग्ध हालात में लापता हो गया। परिजनों और शिक्षकों ने तलाश की लेकिन सुराग नहीं लगा। नाराज ग्रामीण सोमवार को स्कूल पहुंचे और नाराजगी जताई। प्रधानाचार्य आरके कटारिया की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस छात्र की तलाश कर रही है।
अलीपुर कलां गांव निवासी आतिश का बेटा आर्यन संस्थान में कक्षा नौ का छात्र है। परिजनों का आरोप है कि आर्यन का नूनाखेड़ा गांव के रहने वाले छात्र के साथ सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था। झगड़े के बाद शिक्षकों ने आर्यन को दंडित किया। इसके बाद रविवार से छात्र लापता हो गया।
प्रधानाचार्य राजकुमार कटारिया ने बताया कि छात्र को स्कूल परिसर के आस पास छात्रों ओर स्टाफ ने खूब तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया है। अलीपुर कलां के ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया। आरोप है कि कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। नाराज ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। महिलाओं ने स्कूल स्टाफ को घेर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाबुझा कर मामला शांत किया।
तितावी थाने पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण-संवाद