मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार शाम छह बजे डीएवी इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। अभ्यास का उद्देश्य शहर की सुरक्षा तैयारियों का परीक्षण करना है।
अभ्यास के दौरान, शाम के समय हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 10 से 15 मिनट के लिए शाम छह बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।
इस दौरान फायर ब्रिगेड और पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती हुई दिखाई दे सकती हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वह सायरन की आवाज सुनकर बिल्कुल न घबराएं और न ही किसी प्रकार की अफवाह फैलाएं।
मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक शाम 6 बजे अपने घरों की सभी लाइटें बंद कर दें। यदि आप वाहन चला रहे हैं, तो अपने वाहन की लाइटें भी बंद कर दें और जहां हैं, वहीं रुक जाएं। दूसरी बार सायरन बजने पर स्थिति सामान्य हो जाएगी। यह अभ्यास केवल सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए है।