मोरना। गंगा घाट शुकतीर्थ पर आयोजित नमामि गंगे प्रकल्प बैठक में 27 जनवरी को योगी आदित्यनाथ के जिला बिजनौर से गंगा यात्रा का शुभारंभ करने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच गहनता से विचार विमर्श हुआ।
नमामि गंगे प्रदेश सह संयोजक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि 27 जनवरी को जिला बिजनौर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। प्रथम चरण में बिजनौर से की यात्रा कानपुर तक जाएगी। द्वितीय चरण में कानपुर से बलिया तक जाएगी। गंगा यात्रा के प्रथम चरण में जनपद मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधान सभा के रामराज और मीरापुर से होकर गुजरेगी, जिसका भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष स्वागत करेंगे और यात्रा में शामिल रहेेंगे। गंगा यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों की बैठक मेें प्रशासन ने कार्यक्रम के प्रमुख घटक नमामि गंगे को आमंत्रित नहीं करने पर भारी रोष प्रकट किया। संचालन सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के रामकुमार शर्मा ने और अध्यक्षता गंगा सेवा समिति सचिव महकार सिंह ने की। इस मौके पर भोपा मंडल अध्यक्ष वीरपाल सहरावत, सतनाम सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह, महेंद्र चौहान, रविंद्र ककरौली, मनोज, पंकज माहेश्वरी, नीरज रायल प्रधान आदि रहे।