चरथावल में सड़क हादसे में बच्ची की मौत
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। थानाभवन मार्ग पर दूध के टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक चार साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका भाई, पिता और दादी घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने हास्पिटल भेजवाया। आरोपी चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे सोनू बाइक से परिवार के सदस्यों को लेकर अपने गांव हरसाना थाना झिंझाना जिला शामली जा रहा था। चार साल की पुत्री वैशाली, पुत्र सागर और मां गीता उसके साथ थे। चरथावल-थानाभवन मार्ग पर चंद्रशेखर आजाद कॉलेज के पास पीछे से आ रहे एक टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे सोनू का संतुलन बिगड़ गया और उसकी पुत्री वैशाली की ट्रक के पहिये के नीचे आने से मौत हो गई, जबकि तीनों परिजन घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी भेजवाया। वहां से घायलों को जिला चिकित्सालय भेजवाया गया। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित सोनू किसी कार्य से रुड़की गया था। वहां से लौटते हुए हादसा हुआ। ट्रक चालक फरार है। वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बालिका के शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।