रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव कल्याणपुर निवासी पांच युवकों से सेना में भर्ती कराने के नाम पर सवा बारह लाख रुपए हड़पे। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है।
गांव कल्याणपुर निवासी नदीम पुत्र अबलू हसन ने तहरीर देते हुए बताया कि उसके गांव के ही शोएब पुत्र गयासुद्दीन, शान मोहम्मद पुत्र इमरान, मुर्शीद पुत्र इकबाल एवं शकील पुत्र नूर हसन इंटर के बाद पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। एक दिन उन्हें रेस लगाते समय शमशाद प्रधान के भट्टे के पास पांच व्यक्ति खड़े मिले, जिन्होंने अपने नाम कय्यूम, सरवर उर्फ भूरा पुत्र कय्यूम, दानिश पुत्र सरफराज, मुरसलीन उर्फ मलंगा पुत्र तैय्यब एवं आसिफ उर्फ गुड्डू कमांडर निवासीगण गांव तिसंग थाना जानसठ बताया। आरोपियों ने कहा कि यदि आप सेना में रेस पूरी कर दोगे तो वे उन्हें सेना में भर्ती करा देंगे। अगले दिन आरोपियों ने उनके परिजनों को भी सेना में भर्ती का झांसा देते हुए पूरे विश्वास में ले लिया। 20 सितंबर 2019 को आरोपियों में से तीन लोग सरवर उर्फ भूरा, दानिश एवं कय्यूम नदीम एवं शोएब के पास पहुंचे। जहां उनके घर वालों से सेना का फार्म भरने के नाम पर इन नदीम और शोएब से 50 हजार रुपये ले लिए।
इसके बाद इन लोगों के अन्य साथियों मुरसलीन उर्फ मलंगा एवं आसिफ उर्फ गुड्डू ने शान मोहम्मद के मकान पर शकील एवं मुर्शीद से भी फार्म भरने के नाम पर उक्त तीनों से 75 हजार रुपये हड़प लिए। इसके बाद इन लोगों ने 25 सितंबर 2019 को आरोपीगणों ने उन्हें झारखंड के रांची के भर्ती सेंटर के फर्जी एडमिट कार्ड भी दे दिए। इसके बाद 5 अक्तूबर 2019 को उक्त आरोपी फिर से इनके मकान पर आए और इन्हें लिखित परीक्षा में पास होने के बाद जॉइनिंग लेटर देने के नाम पर नदीम और शोएब से पांच लाख रुपए, जबकि शान मोहम्मद, मुर्शीद और शकील से कुल छह लाख रुपये हड़प लिए।
इसके बाद जब ये लोग उक्त जॉइनिंग लेटर सेना भर्ती सेंटर रांची पहुंचे, तो वहां पता चला कि यह सभी जॉइनिंग लेटर फर्जी हैं। इसके बाद जब इन लोगों ने उक्त आरोपीगणों से अपने रुपये वापस मांगे, तो उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने बताया कि इन लोगों ने सेना में भर्ती के नाम पर एक रैकेट बना रखा है। जो बेरोजगार युवकों को अपना निशाना बना करके उन से धन उगाही करते हैं। उक्त पांचों आरोपियों ने कल्याणपुर निवासी इन पांचों युवकों से कुल मिलाकर सवा बारह लाख रुपए सेना में भर्ती के नाम पर हड़प लिए। उक्त मामले के संबंध में पांचों पीड़ित युवकों नदीम, शोएब, शान मोहम्मद, शकील एवं मुर्शीद ने रतनपुरी थाने पर उक्त पांचों आरोपियों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों सरवर उर्फ भूरा, दानिश, कय्यूम, मुरसलीन उर्फ मलंगा एवं आसिफ उर्फ गुड्डू के निवासीगण गांव तिसंग थाना जानसठ के विरुद्ध धोखाधड़ी कर रुपए हड़पने का मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस उक्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।