जिला प्रशासन युद्धस्तर पर कांवड़ यात्रा की तैयारियों को पूरा करने में लगा है। बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों के साथ बैठक कर शिवभक्तों के लिए खाने-पीने की वस्तुओं के दाम तय किए हैं। शिवभक्तों को सात रुपये का बेेसन का लड्डू तो 50 रुपये की भोजन की थाली मिलेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कांवड़ यात्रा के दौरान अहम जिम्मेदारी रहेगी। अधिकारियों की देखरेख में भोजन बनाने के साथ परोसा जाएगा। भोजन की टीम जांच करेगी। बृहस्पतिवार को उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारियों के साथ कार्यवाहक सिटी मजिस्ट्रेट शीतल प्रसाद गुप्ता ने बैठक की। व्यापारियों से खाद्य वस्तुओं के दाम और वर्तमान में बिक्री के बारे में जानकारी ली गई। सामूहिक रूप से अधिकारियों ने शिवभक्तों के लिए खाने-पीने की वस्तुओं के दाम तय किए हैं।
वहीं, होटल, ढाबा और अन्य व्यापारी निर्धारित किए गए मूल्य से अधिक दाम पर वस्तुओं को नहीं बेच सकेगा। इसकी जांच-पड़ताल के लिए सचल दल कार्य करेगा। मीटिंग के दौरान तय हुआ कि सात रुपये बेसन का लड्डू, 50 रुपये में खाने की थाली और जूस समेत चाय का भी लागत के हिसाब से मूल्य तय किया गया है। मीटिंग में मावा आढ़त एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील तायल, उद्योग व्यापार संगठन अध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल, राकेश त्यागी आदि मौजूद रहे।
वस्तु मात्रा मूल्य (रुपये में )
चायएक कप 8
समोसा एक पीस 7
ब्रेड पकोड़ा 02 पीस 12
जलेबी 1 किग्रा 75
कढी-चावल प्रति प्लेट 10
बेसन लड्डू 01 पीस 7
घेवर सादा 01 किग्रा 100
घेवर मावा 01 किग्रा 170
दूध 01 लीटर 45
जूस मौसमी 01 छोटा गिलास 15
जूस मौसमी 01 बड़ा गिलास 20
जूस अनार 01 छोटा गिलास 25
जूस अनार 01 बड़ा गिलास 30
लस्सी 01 छोटा गिलास 20
लस्सी 01 बड़ा गिलास 30
केला 01 दर्जन 40
सेब 01 किलो 150
सब्जी पूड़ी 20 रुपये प्लेट
मुजफ्फरनगर। शिवभक्तों के लिए प्रशासन ने थाली का रेट भी फिक्स किया है। होटल, ढाबा मालिक शिवभक्तों को थाली सामान्य (4 रोटी, दाल सब्जी, 100 ग्राम चावल) 50 रुपये में देंगे। वहीं , पूड़ी सब्जी की एक प्लेट 20 रुपये की होगी। प्लेट में चार पूड़ी और एक सब्जी रहेगी।
कांवड़ मार्गों को स्वच्छ कराने के निर्देश
खतौली। एसडीएम कन्हई सिंह ने पालिका चेयरमैन पारस जैन को साथ लेकर अलकनंदा व गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने पालिका अधिकारियों को गंगनहर पर पड़े कूूड़े के ढेर को हटवाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम बृहस्पतिवार को चेयरमैन पारस जैन को साथ लेकर गंगनहर पर कांवड़ यात्रा के दौरान लगने वाले कांवड़ सेवा शिविरों के लिए अलकनंदा का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग पर पड़े कूड़े के ढेरों को तुरंत उठवाने के लिए पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए। एसडीएम ने विद्युत निगम अधिकारियों को भी अलकनंदा और कांवड़ पटरी मार्ग पर ढीले बिजली के तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीडब्लूडी विभाग को सड़क के गड्ढे ठीक कराने के लिए कहा गया है।