स्मार्ट और फिट दिखने के लिए महिलाओं में बढ़ी जागरूकता
मुजफ्फरनगर/चरथावल। बचपन से लेकर हर उम्र के लोगों में मोटापा जटिल बीमारियों का घर बना है। युवाओं में जंक फूड की प्रवृत्ति सेहत को नुकसान पहुंचा रही है। अनियमित दिनचर्या और अपाच्य भोजन से बढ़ रहे मोटापे से मधुमेह, ब्लड प्रेशर, कोलस्ट्रोल बढ़ना जैसी बीमारियों चपेट में आना आम है। हालांकि मोटापे से परेशान युवा पीढ़ी, खासकर महिलाएं फिक्रमंद नजर आती हैं। वह स्लिम और स्मार्ट दिखने के लिए घरों में योग और जिम जाकर पसीना बहा रही हैं। युवा बोले दृढ़ संकल्प और इच्छा शक्ति से वजन कम करना कोई बड़ी बात नहीं है।
चरथावल के कानूनगोयान निवासी गृहिणी मोनिका का लगातार बढ़ते वजन और मोटापे से तनाव में थी। उन्हें स्मार्ट दिखने की ललक लगी। उन्होंने घर पर नियमित व्यायाम, योगासन और संतुलित खानपान अपनी दिनचर्या बना ली। कहती हैं कि जीवन में अनुशासन और संतुलन बनाना जरूरी है। दो महीने की मेहनत से उनका वजन 92 किलो से घटकर 82 किलो पर आ गया है।
कस्बे के बाजार कलां में रेडीमेड की दुकान करने वाले हर्ष सिंघल कम उम्र में मोटापे का शिकार हो गए। हर्ष के 131 किलो वजन से परिजन परेशान थे। उन्होंने सात महीने पूर्व कस्बे के जिम में जाना शुरू किया और पसीना बहाकर 31 किलो वजन कम कर लिया। कहते हैं इंसान दृढ इच्छा शक्ति और सकारात्मक विचार से हर क्षेत्र में कामयाब हो सकता है। इस कार्य में उन्हें ट्रेनर आकाश आर्य और संतुलित भोजन में उनकी माता बबीता सिंघल का का भरपूर योगदान रहा।
-सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स अमिता लगातार बढ़ रहे वजन के प्रति आए दिन चिंतित हो रही थीं। उन्होंने मोटापा कम करने की ठानी और चरथावल इमामबाड़ा में जिम ज्वाइन किया। वहां अनेक तरह से व्यायाम किया और तीन महीने में नौ किलो वजन कम किया। कहती हैं खुद को फिट रखने के लिए जिम जाना अच्छा लगता है।
बस स्टैंड निवासी छात्रा कविता बढ़ रहे मोटापे से सोच नहीं पा रही थी कि क्या करें। उन्हें जिम जाने की सलाह दी गई। उसके बाद उन्होंने जिम जाकर पसीना बहाना शुरू किया। मोटापा कम करने के उपकरण के प्रयोग से उन्होंने 90 दिन में 13 किलो वजन कम किया है।
चरथावल में फ्यूजन फिटनेस के जिम संचालक आकाश आर्य कहते हैं कि मोटापा हर बीमारियों की जड़ बना है। युवक और युवतियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उनके यहां सुबह और शाम की पारी में 70 लोग एक्सरसाइज को आते है। महिलाओं की अलग शिफ्ट में 11 का पंजीकरण है। वहीं बघरा जिम संचालक शहादत बेग मोटापा कम करने के लिए जॉगर, साइकिल, फिटप बोर्ड और एफकिंग प्रो पर युवा पसीना बहा रहे हैं।
क्या कहते हैं चिकित्सक
डा. विशाल कौशिक बताते हैं कि मोटापे से बांझपन, मधुमेह, ब्लड शुगर, जोड़ो के दर्द की समस्या असमय में बढ़ने लगती है। वजन घटाने के लिए पोषक तत्वों से तैयार सुपाच्य भोजन लेना जरूरी है। रात को हल्का भोजन लेने की आदत डालें।
सीएमओ डा. प्रवीण चोपड़ा का मानना है किे बचपन में मोटापा चिंताजनक है। बच्चों, युवाओं और हर उम्र के लोगों में मोटापा बढ़ना खतरे की घंटी है। व्यायाम बढ़ाए, संतुलित भोजन लें। निर्धारित मोटापा संकेतक से ज्यादा वजन नहीं बढ़ने दे। सरकार भी योग दिवस के रूप में जनजागरूकता अभियान चला रही है। युवा पीढ़ी जंक फूड से परहेज रखें।