सिसौली में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चौधरी साहब ने हमेशा किसान हित में आवाज उठाई : टिकैत
भौराकलां। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों के हित में आवाज उठाई। वे सच्चे किसान हितैषी थे। भाकियू अध्यक्ष ने सिसौली के किसान भवन में स्थापित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चौधरी साहब सच्चे किसान हितैषी थे। सरलता, ईमानदारी और राजनीति में उनका कोई सानी नहीं था। चौधरी चरण सिंह ने किसानों को उनका हक दिलाने के लिए काम किया। अपनी ईमानदारी और सादगी के दम पर ही वे प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे थे। इस दौरान हरेंद्र सिंह, नरेश पाल, गौरव टिकैत आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने चौधरी साहब के जन्मदिवस पर किया यज्ञ
मुजफ्फरनगर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के हांडा हॉल में चौधरी चरण सिंह जन्मदिवस पर सवेरे यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञमान महासचिव प्रदीप कुमार मलिक तथा पुरोहित जगदीश चंद्र त्यागी रहे। यज्ञ के उपरांत हॉल में लगे सभी चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। दोपहर में फैंथम हॉल में उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के सदस्य हरिशंकर सिंह का भव्य स्वागत किया गया। सदस्यों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के संबंध में दिए गए बयान पर उनका आभार जताया। साथ ही जिला बार एसोसिएशन के पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी बनाने, अधिवक्ता कल्याण निधि को दस लाख रुपये करने, वृद्ध अधिवक्ताओं को दस हजार रुपये मासिक पेंशन, बीमारी में पांच लाख रुपये मेडिकल क्लेम तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बार कौंसिल के उप कार्यालय खोलने की मांग की गई। अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट बार अध्यक्ष सैयद नसीर हैदर काजमी ने तथा संचालन महासचिव प्रदीप कुमार मलिक ने किया। इसके बाद चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता कलीराम ने की। गोष्ठी की महफूज खां राठौर, ओंकार सिंह तोमर, ओम सिंह मलिक, ज्ञान कुमार, ब्रजभूषण त्यागी, राजपाल बालियान, इंद्रपाल मलिक, सतीश लाटियान, मनु मलिक आदि ने विचार रखे।