संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) का प्लांट लगाने व कंपनी में निवेश करने पर दस प्रतिशत पैसा कंपनी की ओर से प्रतिमाह देने का लालच देकर ठगी करने वाले कंपनी संचालक व दो प्रमोटर के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने चार्जशीट तैयार की है। इसे जल्द ही कोर्ट में दाखिल किया जाएगा। आरोपियों ने नगर निवासी 23 व्यापारियों से लगभग दो करोड़ की ठगी की थी।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड माझीपुर, पोस्ट संसारपुर सहारनपुर के एमडी हाजी इकराम ने अपनी दो और कंपनियों स्टेप्स फार्मिंग प्राइवेट लिमिटेड एवं एसएफ आर्गेनिक की ओर से 2024 में मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम किया था। कंपनी के प्रमोटर्स रुड़की निवासी जुनेद अंसारी व गंगोह निवासी खालिद अंसारी ने लोगों को बताया था कि कंपनी जैविक भारत मिशन के साथ बेरोजगारी के मुद्दे पर काम करती है।
उन्होंने वर्मी कंपोस्ट का प्लांट लगाने व कंपनी में निवेश करने पर दस प्रतिशत पैसा कंपनी की ओर से प्रतिमाह देना बताया था। यह बताकर जनपद के 23 व्यापारियों से लगभग दो करोड़ रुपये की ठगी की थी। बाद में विभिन्न स्थानों पर रहने वाले 29 पीडि़तों ने भी पुलिस को शिकायती पत्र दिए थे।