दिनदहाड़े महिला दुकानदार से चेन लूटी
मुजफ्फरनगर। बचनसिंह कॉलोनी निवासी दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे बाइक सवार तीन युवक महिला दुकानदार से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बचनसिंह कॉलोनी निवासी संतोष देवी मोहल्ले में ही काव्य प्रोविजन स्टोर चलाती हैं। पीड़िता ने तहरीर देकर बताया कि बाइक पर तीन युवक दुकान पर पहुंचे और सामान खरीदने का बहाना किया। जैसे ही महिला दुकानदार उन्हें सामान दिखाने लगी, आरोपियों ने उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली और बाइक स्टार्ट कर भाग निकले। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। पीड़िता ने घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेलवे रोड पर अधेड़ का शव मिला
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित कमल टॉकिज के सामने फुटपाथ पर शनिवार सुबह अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस डीके त्यागी ने बताया कि मृतक भिखारी प्रतीत हो रहा है, जिसके पास काफी कंबल व अन्य चीजें पड़ी मिली हैं। संभवत: बीमारी से उसकी मौत हुई है। शव को मोर्चरी भेज दिया गया है।