बंदी की तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लेकर आए जेलकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिला कारागार में एक बंदी ने तबीयत खराब होने का नाटक किया। उसका शोर शराबा सुनकर जेल अधिकारियों के अफरातफरी मच गई, तुरंत ही उसे जिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में बंदी के के परिजनों ने भी हंगामा कर उसे भर्ती कराने की मांग की, लेकिन डॉक्टर की जांच में उसे कोई बीमारी नहीं मिली।
जिला कारागार में एक साल से हत्या के मामले में बंद शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किदवईनगर निवासी सलमान उर्फ मुन्ना पुत्र यूसुफ ने शुक्रवार सुबह शोर मचा दिया कि उसकी हालत खराब हो रही है। सलमान को देख कर जेल अधिकारियों में अफरातफरी मच गई।
तुरंत ही उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने सलमान का परीक्षण करने के बाद बताया कि उसे कोई बीमारी नहीं है। सलमान को जिला चिकित्सालय में दिखाने के बाद वापिस जेल में भेज दिया गया। जिस समय सलमान को जिला अस्पताल में ले जाया गया, तो उसके परिजन भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए।
जिन्होंने उसे भर्ती कराने के लिए हंगामा करना शुरु कर दिया। हंगामे की सूचना पर जेलकर्मियों ने पुलिस को वहां बुला लिया। बाद में बंदी को फिर से जेल में दाखिल कर दिया गया।
इस संबंध में जेल अधीक्षक राकेश सिंह का कहना हैै कि बंदी ने बीमारी का ड्रामा रचकर जेल से भागने का प्लान बनाया था, जिसे जेलकर्मियों ने अपनी सूझबूझ के चलते विफल कर दिया है। बंदी की हालत बिल्कुल ठीक है तथा उसे किसी तरह की कोई बीमारी नहीं है।