मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। एशियन गेम्स की कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान दिव्या काकरान का उनके गांव पुरबालियान पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद संजीव बालियान ने दिव्या के नाम पर गांव में स्टेडियम बनवाने की घोषणा की। रविवार को एशियन गेम्स की कांस्य पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान दिव्या काकरान अपने गांव पुरबालियान में पहुंचीं। गांव में पहुंचने पर दिव्या का बैंडबाजों से स्वागत किया गया।
मुख्य सम्मान समारोह वनस्थली इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया गया। सम्मान समारोह में पहुंचे सांसद डॉ. संजीव बालियान, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, भारतीय कुश्ती कोच जुगमेंद्र आदि ने दिव्या को शील्ड देकर सम्मानित किया। भाकियू जिला उपाध्यक्ष नीरज पहलवान ने कहा कि दिव्या के नाम पर स्टेडियम बनाने के लिए गांव वाले जमीन देंगे तथा सांसद व विधायक दोनों मिलकर स्टेडियम के लिए पैसा दें।
इस पर सांसद ने कहा कि हम दोनों सांसद व विधायक मिलकर दिव्या के नाम पर गांव में स्टेडियम बनवाएंगे। सांसद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाने वाले पहलवानों को प्रदेश सरकार की तरफ से जो धनराशि मिलती है, उसे हरियाणा प्रदेश के बराबर कराने की वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे। सभी अतिथियों ने दिव्या के पिता सूरजवीर का भी पगड़ी पहनाकर सम्मान किया तथा दिव्या को इतने उच्च स्तर तक ले जाने के लिए धन्यवाद दिया।