मुजफ्फरनगर में शहर कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सहारनपुर रोड पर बंद पड़ी गत्ता फैक्ट्री से 13 लाख रुपये की शराब का जखीरा पकड़ा है। ब्रांडेड शराब के होलोग्राम भी मिले हैं। शहर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शराब को चुनाव के लिए बिजनौर भेजा जाना था।
शहर कोतवाली के सहारनपुर रोड पर मलीरा गांव के पास एक गत्ता फैक्ट्री काफी दिन से बंद पड़ी है। गुरुवार रात आबकारी विभाग की टीम ने रोहाना चौकी इंचार्ज वीरेंद्र कसाना के साथ छापा मारा। फैक्ट्री में 13 लाख रुपये की 330 पेटी अवैध शराब और 1500 होलोग्राम मिले। टीम को वहां से एक ट्रक और एक कार भी मिली।
कार के आगे और पीछे की प्लेट के नंबरों में फर्क मिला। पुलिस ने सारे माल को जब्त कर प्रवीण पुत्र बारू निवासी रामपुरी, रघुबीर, श्रीपाल, देवी सिंह और सनोज सभी निवासी पानीपत, हरियाणा और चंडीगढ़ की चार शराब कंपनियों के डायरेक्टर नरेश कुमार, सरनेश सिंघला और संदीप कुमार के खिलाफ आबकारी एक्ट और धोखाधड़ी के साथ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस ने इस मामले में रघुबीर, श्रीपाल, देवीसिंह और सनोज को जेल भेज दिया है। आरोपियों के अनुसार पकड़ी गई शराब को नामजद डायरेक्टर अवैध रूप से फैक्ट्रियों से निकलवा कर बिकवाते थे। पकड़ी गई शराब बिजनौर में ग्राम प्रधानी के चुनाव के लिए जानी थी।