मुजफ्फरनगर। बेटे से मिलने देहरादून जा रहे लद्दावाला निवासी व्यक्ति को कार में लिफ्ट देकर युवकों ने उससे नकदी के साथ ही सोने की अंगूठी, अन्य सामान ठग लिया। आरोपी बहाने से पीड़ित को मलीरा के निकट कार से उतारकर भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी केके वर्मा ने तहरीर देकर बताया कि वह बृहस्पतिवार सुबह बेटे सतीश से मिलने देहरादून जाने के लिए ट्रेन पकड़ने रेलवे स्टेशन गया था। पीड़ित के अनुसार, स्टेशन पर एक व्यक्ति ने उसे कार से देहरादून छोड़ने की बात कही, जिसके झांसे में आकर वह स्टेशन के बाहर आकर वहां खड़ी कार में बैठ गया। जैसे ही कार रुड़की चुंगी के निकट पहुंची, कार में मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस चेकिंग की बात कहकर केके वर्मा वे अपनी सोने की अंगूठी, जेब में मौजूद 760 रुपये, एक किलो मक्खन व अन्य सामान एक बैग में रखवा लिया। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने अपनी जेब से 30 हजार रुपये भी निकालकर एक बैग में रख लिए। पीड़ित का कहना है कि जब कार मलीरा के निकट पहुंची तो कार सवारों ने उसे वहीं उतार दिया और एक रिश्तेदार के यहां मिलकर आने की बात कहकर चले गए। उसका बैग कार में ही रखा रह गया। घंटों इंतजार के बावजूद जब कार सवार नहीं लौटे तो पीड़ित ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।