संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मंगलवार रात महावीर चौक पर सपा कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन के बीच पहुंचे कोयला व्यापारी कुलदीप सिंह ने लाठी से हमला करने के मामले में अखाड़ा संचालक युधिष्ठिर पहलवान, उनकी पत्नी मोनिका व अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, मोनिका सिंह ने इस मामले में कोर्ट का सहारा लेने की बात कही।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुमन विहार निवासी कुलदीप ने अपने परिचितों के साथ बुधवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा से मिलकर प्रार्थना पत्र देकर कहा था कि मंगलवार रात 11 बजे वह कार में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। महावीर चौक पर पानी की बोतल लेने लगे तो वहां कुछ लोग भाषण में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व स्थानीय मंत्री, पूर्व मंत्री व अन्य नेताओं को गालियां दे रहे थे।
सामान्य नागरिक की तरह उन्होंने गालियां देने से मना किया। आरोप है कि युधिष्ठिर पहलवान, उसकी पत्नी मोनिका व छह-सात अन्य लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में पुलिस वालों से लाठी छीनकर उसकी पिटाई की। मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दूसरी ओर मोनिका सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने साथ हुए अभद्र व्यवहार के बारे में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए वह कोर्ट का सहारा लेंगी।
यह था मामला
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में जिलाध्यक्ष जिया चौधरी व अन्य सपा कार्यकर्ता मंगलवार रात करीब 10 बजे महावीर चौक पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। वहां पचेंडा निवासी अखाड़ा संचालक युधिष्ठिर पहलवान भाषण दे रहे थे, इस बीच शहर के सुमन विहार निवासी कोयला व्यापारी कुलदीप सिंह धरने पर पहुंच गए। पहलवान की पत्नी जानसठ इंटर कॉलेज की शिक्षिका मोनिका चौधरी के साथ व्यापारी का विवाद हो गया। तब सपा कार्यकर्ताओं ने व्यापारी को दौड़ा लिया था। युधिष्ठिर ने पुलिस से लाठी छीनकर व्यापारी पर कई वार किए। पुलिस ने उसे बमुश्किल बचाया था।