वीडियो व गाने डाउनलोड कर बेचने पर सात दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। शहर के सात दुकानदारों पर म्यूजिक व वीडियो बगैर एनओसी के डाउनलोड कर बेचने पर शहर कोतवाली में कॉपीराइट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
तीन दिन पूर्व लखनऊ से आई एक टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र में कई मोबाइल की दुकानों पर छापा मारा था। मास्टर कॉपीराइट के प्रतिनिधि रमेश कुमार, निवासी जानकीपुरम लखनऊ व अन्य ने पुलिस टीम को साथ लेकर दुकानों पर जानकारी जांच पड़ताल की। प्रतिनिधि का कहना है कि उनकी संस्था व सहयोगी संस्था वॉइस ऑफ हार्ट के हरियाणवी गानों व वीडियो बगैर एनओसी के दुकानों पर डाउनलोडिंग कर बेचे जा रहे थे। इस संबंध में अक्स न्यू मोबाइल केयर डाउनलोडिंग सेंटर रुड़की रोड, गैराज मोबाइल सहारनपुर बस स्टैंड के पास, इरशाद खान चुगी चौराहा सुजडू , विकास मोबाइल गैलरी खालसा पट्टी, सलामत मोबाइल गैलरी सुजडू चुंगी, सिटी मोबाइल आलू मंडी चौराहा निकट शिवचौक, टैक्नो मोबाइल लोहिया बाजार पर छापे के दौरान कॉपीराइट का मामला पाया गया। शहर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी दुकान मालिकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।