धू-धू कर जला सीमेंट केमिकल से लदा कैंटर
मुजफ्फरनगर। वहलना-पीनना बाईपास पर बृहस्पतिवार देर रात राजस्थान से हरिद्वार जा रहे सीमेंट केमिकल से लदे कैंटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कैंटर के चालक-हैल्पर ने किसी प्रकार जान बचाई।
राजस्थान से 22 टायरा बड़ा कैंटर लाखों कीमत का सीमेंट केमिकल लेकर उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के लक्सर कस्बे में जा रहा था। कैंटर को चालक भागचंद चला रहा था। बृहस्पतिवार रात जब यह कैंटर शहर के वहलना-पीनना बाईपास पर पहुंचा, अचानक कैंटर के केबिन में शॉर्ट सर्किट होने से उसमें आग लग गई। चालक-हैल्पर ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरा कैंटर आग की लपटों में घिर गया। यह देख चालक व हैल्पर ने कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल की दो गाड़ियों के साथ पहुंचे अग्निशमन अधिकारियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में कैंटर के साथ ही उसमें लदा लाखों कीमत का सीमेंट केमिकल भी जलकर नष्ट हो गया है। शुक्रवार शाम तक घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई थी।