मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव की मतगणना के लिए राजनीतिक दलों और पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। प्रत्याशी अपने एजेंट बना रहे हैं, जबकि पुलिस ने ईवीएम की सुरक्षा कड़ी कर दी है। प्रशासन के अधिकारी रोजाना निरीक्षण कर रहे हैं।
चार जून को होने वाली मतगणना के लिए राजनीतिक दल एजेंट बनाने में जुटे हैं। सूची तैयार की जा रही है और इसमें अनुभवी लोगों को तरजीह दी जा रही है। भाजपा, सपा और बसपा ऐसे लोगों को चयनित कर रहे हैं, जिनके पास मतगणना का पुराना अनुभव है।
बृहस्पतिवार को एसएसपी अभिषेक सिंह ने लोकसभा चुनाव की आगामी 4 जून को होने वाली मतगणना को लेकर जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन सभागार में बैठक कर तैयारियोंं की समीक्षा की। चुनाव आयोग के नियमों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मतगणना का परिणाम घोषित होने के विजयी प्रत्याशियों के निकाले जुलूस के दौरान अप्रिय घटना घटित होने की संभावना रहती है। इसलिए जुलूस न निकलने दें। आकस्मिक घटना से निपटने के लिए क्यूआरटी व रिजर्व टीम का गठन किया गया है। सोशल मीडिया की भी निगरानी की जाएगी। मतगणना स्थल पर फोटो युक्त पहचान पत्र धारक को ही अंदर जाने दें। बैठक में एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एसपी देहात आदित्य बंसल, एसपी क्राइम प्रशांत कुमार प्रसाद, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एसएसपी ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
बाद में अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने मतगणना के लिए कूकड़ा मंडी स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य समस्त तैयारियों को समय से पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। वहीं एसपी देहात आदित्य बंसल और एसपी क्राइम प्रशांत प्रसाद ने भी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना एजेंटों की विधानसभावार नियुक्ति व प्रशिक्षण तथा उनके पास जारी करना, मतगणना टेबल, कर्मचारियों का प्रशिक्षण, काउंटिंग की राउंडवार घोषणा, आब्जर्वर आरओ के लिए उचित व्यवस्था, मतगणना की ससमय फीडिंग, पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती के लिए मतगणना टेबल व कर्मचारियों का प्रशिक्षण, परिसर की साफ-सफाई, वीडियोग्राफी, मतगणना स्थल पर विद्युत की आपूर्ति, जलपान, बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। क्षेत्रधिकारी नई मंडी रूपाली राय, सहायक अभियन्ता धुरेन्द्र तोमर, मंडी सचिव नीतिश मलिक मौजूद रहे।
निष्पक्ष मतगणना पर पीडीए रखेगा नजर : सैनी
मुजफ्फरनगर। मतगणना की तैयारी को लेकर सपा के नूरपुर विधायक राम अवतार सैनी ने पीडीए समाज व सपा के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष मतगणना की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। इसके बावजूद पीडीए समाज के लोग और इंडिया गठबंधन कार्यकर्ता सतर्क नजर बनाए रखेंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी, साजिद हसन, जोगेंद्र सैनी, दीप्ति पाल, डॉ. इसरार अल्वी, पवन पाल, चमन त्यागी, पवन पाल, नवेद रंगरेज, मोहित सोम, अमित पाल मौजूद रहे।