थाने पर पहुंचे रालोद प्रत्याशी।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली के गांव खेड़ी कुरैश के रास्ते पर रालोद प्रत्याशी शाहनवाज राना की गाड़ी पर बाइक सवार तीन युवकों ने गोलियां चला दीं। प्रत्याशी की कार की खिड़की पर दो गोलियां लगीं। प्रत्याशी बाल-बाल बच गए। गोली चलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाने पहुंचकर समर्थकों ने गुस्से का इजहार किया।
खतौली सीट पर रालोद से शाहनवाज राना चुनाव लड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे रालोद प्रत्याशी चुनाव प्रचार के लिए अपने काफिले के साथ गांव खेड़ी कुरैश जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने गाड़ी को रुकवाया। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने दो राउंड गोलियां चला दीं। गोलियां गाड़ी की खिड़की पर लगीं। रालोद प्रत्याशी के वाहन पर फायरिंग की सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई। सीओ हरिराम यादव और इंस्पेक्टर केपी सिंह अर्द्ध सैनिक बल के सुरक्षा जवानों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे।
उधर, हमले की घटना को लेकर समर्थकों में आक्रोश फैल गया। शाहनवाज राना कोतवाली पहुंचे। वहां पर एकत्र समर्थक उनको लेकर चले गए। बाद में शाहनवाज की ओर से तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पांच बजे प्रचार समाप्त होने के बाद प्रत्याशी काफिले के साथ कहां जा रहे थे, यह भी जांच की जा रही है। इस संबंध में इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि हमला करने वालों को तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के समय प्रत्याशी के साथ कुछ सुरक्षा कर्मचारी भी थे। उनसे पूछताछ की जाएगी।