खतौली/शुक्रताल। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि तहसीलों में भ्रष्टाचार फैलाने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को जेल भेजा जाएगा। सपा सरकार ने सूबे में ग्रामीण विकास के लिए 28 तहसीलें बनाई हैं। सरकार अपने वादे पूरे कर रही है। लेखपाल भर्ती परीक्षा निष्पक्ष होगी।
भ्रष्ट अधिकारी और दलाल सरकार को बदनाम करना चाहते हैं। उधर, शुक्रताल में शिवपाल ने कहा कि शुकतीर्थ में गंगा की धारा को निर्मल और अविरल बनाने के लिए प्रोजेक्ट लागू किया जाएगा।
खतौली तहसील के नवनिर्मित भवन का राजस्व, सिंचाई एवं सहकारिता मंत्री शिवपाल यादव ने सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर मंडी में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश में 28 नई तहसीलें बनाई हैं, जिनमें खतौली 27वीं है।
पार्टी किसानों और गरीबों को न्याय दिलाना चाहती है। सरकार की कल्याणकारी योजना गांव-गांव तक पहुंचे, इसके लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार के दोषी अधिकारी और कर्मचारियों को जेल भेजा जाएगा। सरकार हर वर्ग और समाज का बिना भेदभाव विकास चाहती है।
20 से 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। मंत्री ने कहा कि मोदी का कालाधन वापस देश में लाने का वादा झूठा निकला। जनता के अच्छे दिन नहीं आए। शिवपाल ने फिर दोहराया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा पूरी तरह पारदर्शिता से कराई गई है। आगे भी पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता बरती जाएगी।
उन्होंने सभा में मुसलिम और गुर्जरों की भारी तादाद पर आयोजकों को बधाई दी। कार्यक्रम संयोजक एमएलसी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अखिलेश सरकार ने प्रदेश में जितने विकास कार्य कराए, उतने कोई सरकार नहीं करा सकी। सपा में ही सर्वसमाज का हित है।
पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है। वर्ष 2017 के चुनाव में संगठन की एकता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी प्रदेश में पुन: अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने जनसभा में उमड़ी भीड़ का आभार व्यक्त किया। कैबिनेट पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश ने कहा कि भाजपा का मन साफ नहीं है। मोदी के जुमलों से गांव-गरीब का भला नहीं होगा।
गन्ना समिति के चेयरमैन ऋषिपाल भाटी, बोबिंद्र सहरावत ने शिवपाल यादव को तलवार भेंट की। सभा को रेशम विभाग के चेयरमैन मुकेश चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, महानगर अध्यक्ष राशिद सिद्दीकी, श्यामलाल बच्ची सैनी, गौरव स्वरूप आदि ने संबोधित किया।
अध्यक्षता एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने तथा संचालन जिया चौधरी ने किया। विधायक नवाजिश आलम, राजकुमार यादव, इलम सिंह गुर्जर, हाजी मुफ्ती जुल्फिकार, विकास पुंडीर, सुलेमान परदेशी, शबाब जैदी, चेतन सिंह रिंकू, जिला उपाध्यक्ष हसन कोही, दिलशाद अब्बासी, राजेंद्र सिंह राणा, अब्दुल्ला, नगराध्यक्ष इमरान सिद्दीकी, काजी जमील, नईम एडवाकेट आदि मौजूद रहे।
उधर, शुक्रताल में गंगा तट पर मंत्री शिवपाल ने कहा कि ऐतिहासिक शुकतीर्थ में हरिद्वार से गंगा की निर्मल धारा को लाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार कराया जाएगा। मुजफ्फरनगर से शुक्रताल फोरलेन मार्ग की मुख्यमंत्री की घोषणा पर कार्ययोजना बनाई गई है।
मंत्री ने जनपद की विभिन्न सड़कों का लोकार्पण किया
खतौली। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने नवनिर्मित तहसील भवन के उद्घाटन के साथ-साथ जनपद की विभिन्न सड़कों का भी लोकार्पण किया।
लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाई जाने वाली प्रांतीय खंड की मलिकपुरा से मुजफ्फरनगर, जानसठ सीधा पहुंच मार्ग कवाल बाईपास, खेड़ी कुुरैश, घटायन, कुतुबपुर, मीरापुर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, भैंसी होली चौराहे से नावला की ओर सड़क का लोकार्पण किया।
इनके अलावा निर्माण खंड की मुजफ्फरनगर बाईपास सड़क का शिलान्यास, पुराना शफीपुर पटटी से मंदवाड़ा मार्ग, मुजफ्फरनगर-जानसठ, मीरापुर मार्ग के किलोमीटर 6 से 11 का सतह सुधार सड़क का लोकार्पण किया।