खतौली। भाकियू कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गदनपुरा गांव के लोगों के यहां बिना किसी मामले के दबिश देने तथा झूठे मुकदमे में नामजद करने की धमकी देने के विरोध में कोतवाली में प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार त्यागी के समझाने पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।
जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं करने पर पुलिस से शुगर मिल के मालिक को गिरफ्तार करने की मांग की है।
रविवार को भाकियू जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन कर धरना देकर बैठ गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पिछले माह पुलिस ने गांव गदनपुरा के चार लोगों पर फर्जी तरीके से मारपीट व लूट का मुकदमा दर्ज कर दिया था।
आरोप है कि पुलिस अब अन्य ग्रामीणों के यहां दबिश देकर उन्हें परेशान कर रही है और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही है। धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा यदि ग्रामीणों को परेशान किया तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। धरनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने गांव में दबिश नहीं देने अौर ग्रामीणों को परेशान न करने का आश्वासन दिया, तब कार्यकर्ता शांत हुए।
जिलाध्यक्ष ने इंस्पेक्टर से किसानों का भुगतान न करने पर त्रिवेणी मिल के मालिक और जीएम को गिरफ्तार करने की मांग की। इंस्पेक्टर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया । इसकी अध्यक्षता शेर सिंह तथा संचालन मनोज कुमार ने किया। नीरज बालियान, जयवीर सिंह, प्रहलाद राणा, चंद्रवीर, मोनू, संजय, सोनू, शुभम, अरविंद, नीलम, राजेंद्र, राजे, रामजीलाल, हरपाल, रतन, पूरण आदि उपस्थित रहे।