संघर्ष के बाद सड़क पर पड़ीं ईंटें।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर। बाइक की टक्कर लगने पर मिमलाना रोड पर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने तीन युवकों को मौके से हिरासत में लिया है।
शहर कोतवाली के मिमलाना रोड पर शनिवार को बाइक में टक्कर मारने से दो पक्षों में संघर्ष हो गया। मामले में दोपहर के समय सपा नेता के घर पर तीन दिलशाद, शाहनवाज और आसिफ पहुंचे। घर के बाहर बाइक खड़ी कर युवक नेता के घर के भीतर चले गए।
इसी बीच पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने घर के बाहर खड़ी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आवाज सुनकर भीतर बैठे युवक बाहर आए और युवकों को पकड़ लिया। सूचना पर आरोपी युवकों की ओर से काफी संख्या में लोग मौके पर आ गए और दिलशाद पक्ष के युवकों की पिटाई कर दी। दोनों और से लाठी-डंडे चले और पथराव होने लगा। झगड़ा होते देख मौके पर भगदड़ मच गई। मौके पर फायरिंग की बात सामने आ रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को मौके से खदेड़ा। झगड़े में दिलशाद, शाहनवाज और आसिफ को चोटें आई। पुलिस ने मौके से आरोपी पक्ष के तीन युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों के बीच दीवार का विवाद भी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।