रोहाना/मुजफ्फरनगर। स्टेट हाईवे पर बड़कली के निकट स्थित पेट्रोल पंप के सामने बने अवैध कट पर रांग साइड मुड़ रहे डीसीएम में तेज रफ्तार प्राइवेट यात्री बस की टक्कर हो गई, जिससे डीसीएम बीच सड़क पर पलट गया। बस आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बस चालक समेत कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर रूट पर चलने वाली प्राइवेट बस बुधवार सुबह 8.30 बजे सहारनपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में 50 से अधिक यात्री थे, जिसे गांव कछौली निवासी चालक दिनेश चला रहा था। सुबह करीब नौ बजे जब यह बस स्टेट हाईवे 59 पर गांव बड़कली के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, अचानक मार्बल दाने से लदे डीसीएम को चालक इरफान निवासी बुढ़ाना पेट्रोल पंप के सामने बने अवैध कट से यू-टर्न लेकर बैक करते हुए रांग साइड ले आया। अचानक डीसीएम सामने आने से तेज रफ्तार बस की उससे टक्कर हो गई और डीसीएम बीच सड़क पर ही पलट गई। बस भी क्षतिग्रस्त होने से बस चालक दिनेश और बस में आगे की सीटों पर बैठे कई यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। डीसीएम चालक इरफान भी घायल हो गया। सूचना पर रोहाना चौकी प्रभारी एसआई नेत्रपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
----------------
किसानों और पेट्रोलपंप कर्मियों ने की घायलों की मदद
रोहाना। स्टेट हाईवे 59 पर बुधवार सुबह जबरदस्त हादसे से हड़कंप मच गया। टक्कर लगने की जोरदार आवाज से क्षेत्र में काम कर रहे किसानों के साथ ही पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को क्षतिग्रस्त बस से निकालना शुरू किया। गनीमत रही कि हादसे में केवल मार्बल दाने से लदा डीसीएम ही पलटा, यदि बस के साथ यह हादसा होता, तो घायलों की संख्या काफी बढ़ सकती थी।
---------------
हादसे में ये मुसाफिर हुए घायल
- दिनेश निवासी कछौली, बस चालक
- इमरान निवासी बुढ़ाना, डीसीएम चालक
- जाफर निवासी गांव न्याजूपुरा
- मुनेश पाल पत्नी ब्रजेश निवासी इंद्रा कॉलोनी
- प्रीति पत्नी संदीप निवासी जनकपुरी
- इशांत निवासी जनकपुरी
- शहजाद निवासी सहारनपुर
- इरफान निवासी बुढ़ाना
- मुनाजरा पत्नी मंसूर निवासी गांव शेरपुर
- इकराम निवासी देवबंद
- सतीश निवासी गांव बढ़ीवाला, छपार
- अमजद निवासी गांव मलपुरा