सादपुर गांव के जंगल में एलटी लाइन के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आठ किसानों की 45 बीघा गन्ने की फसल जल गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग को जंगल में फैलने से रोका। पीड़ित किसानों ने पुलिस को तहरीर देकर ऊर्जा निगम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सादपुर के किसानों ने बताया कि उनके खेतों से एलटी लाइन गुजर रही है। लाइन काफी ढीली और जर्जर होने के कारण शुक्रवार दुपहर को तार आपस में टच हो गए। जिससे शॉर्ट सर्किट होने से नीचे गिरी चिंगारी से पहले साजिद अली के गन्ने के खेत में आग लगी। आग ने जल्द ही विकराल रुप धारण कर लिया। आग लगी देख कर ग्रामीण जंगल की ओर दौड़ पड़े।
दूर के खेतों में ट्रैक्टरों को चलवाकर गन्ने तोड़कर आग को फैलने से रोका गया, मगर इसी बीच आग से साजिद अली के अलावा अकबर अली, शेर जान, अली जान, इस्लामुद्दीन, जुल्फकार, फाजिल, शराफत की गन्ने की फसल भी जल चुकी थी। किसानों ने बताया कि आग से 45 बीघा गन्ने की फसल जल गई, जिसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये हैं। किसानों का कहना था कि तार ढीले और जर्जर हैं, इस बारे में कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित में अवगत कराया गया, मगर इस ओर कोई कार्रवाई नहीं हुई।