स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा लाईटों से सजाया गया नगर पलिका का भवन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिलेभर में उल्लास का माहौल
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिलेभर में हर्षोल्लास का माहौल है। गांव से लेकर शहर तक तिरंगा यात्राएं निकाली गई। लोगों ने अपने घरों पर तिरंगे फहराए। सरकारी कार्यालय और शहर के प्रमुख स्थल रात के समय रोशनी से जगमग हो गए। देशभक्ति के तराने भी गूंजे।
सोमवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। रविवार को विभिन्न संगठनों की ओर से तिरंगा वितरण और तिरंगा यात्राएं निकाली गई। लोगों के बीच जोश का माहौल रहा। वाहनों पर भी लोग तिरंगा लेकर निकले। गलियों, बाजारों और चौराहों पर देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। रविवार रात कलक्ट्रेट, विकास भवन, शहीद स्मारक, बीएसए ऑफिस और डीआईओएस कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों को सजाया गया। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने लोगों से हर घर पर तिरंगा लगाकर स्वतंत्रता दिवस मनाने का आह्वान किया है।
स्कूली बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी
मुजफ्फरनगर। जिलेभर में स्कूली बच्चों ने रविवार को प्रभात फेरी निकाली। एमजी पब्लिक स्कूल में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जनजागरण के लिए प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने किया।