संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से नई दिल्ली में औद्योगिक प्रदर्शनी बिल्ड भारत एक्सपो-2025 का आयोजन किया जाएगा। आईआईए मुजफ्फरनगर से जुड़े चार उद्योग प्रतिभाग करेंगे। जनपद में बने देशी घी के लड्डू सहित कई स्थानीय उत्पाद प्रदर्शनी में रखे जाएंगे।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन मुजफ्फरनगर चेप्टर चेयरमैन पवन गोयल ने बताया कि दिल्ली के भारत मंडप में 19 से 21 मार्च तक बड़ी औद्योगिक प्रदर्शनी बिल्ड भारत एक्सपो-2025 का आयोजन किया जा रहा है, जिसके प्रथम संस्करण की मेजबानी आईआईए की ओर से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि देश की 151 से अधिक कम्पनियां बिल्ड भारत एक्सपो में अपने प्रोडक्ट्स को डिस्प्ले करेंगी, जिनमें जनपद की चार कंपनियों के उत्पाद भी शामिल रहेंगे। बताया कि इन कंपनियों में जनपद की एडवांस इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल सिस्टम्स कंपनी के
सिमुलेटर एवं विद्युत और भौतिक पैरामीटर के लिए तैयार होने वाले परीक्षण उपकरण प्रदर्शित होंगे। वहीं प्रेरक जैन की शीतल लेजर आर्ट गैलरी में निर्मित वुड हैंडी क्राफ्ट आइटम्स और अनमोल वैभव की कंपनी एमसीओ फूड प्रोडक्ट्स के देसी घी के लड्डू एवं प्रीतुल जैन की कंपनी प्रीतुल मशीन्स में तैयार होने वाली बैकरी मशीनें प्रदर्शन कि लिए रखी जाएंगी। आईआईए राष्ट्रीय महासचिव अश्वनी खंडेलवाल ने बताया कि सेमिनार में राष्ट्रीय स्तर (वोकल फॉर लोकल) एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर (लोकल टू ग्लोबल) पर बिज़नेस ग्रोथ के लिए व्याख्यान होंगे। आईआईए के पूर्व चेयरमैन नीरज केडिया, विपुल भटनागर आदि ने बिल्ड भारत एक्सपो की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया।