संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बीएसएफ के जवान की पत्नी ने ससुराल पक्ष के परिचित तीन लोगों पर लाखों रुपये का प्लॉट हड़पने का आरोप लगाया है। शाहपुर थाने के गांव सांझक निवासी पीड़िता ने एसएसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता रुमा देवी ने लिखाया कि उसके पति विक्की जम्मू बीएसएफ में तैनात है। वह अपने पति के पास बच्चों सहित रहती है। ससुर राज सिंह अकेले गांव में रहते हैं। उनके परिचित तितावी क्षेत्र के गांव बुडिना खुर्द निवासी प्रॉपर्टी डीलर राम कुमार, उसके साथी मंधेड़ा निवासी मित्रसेन ने सौ गज का प्लॉट नौ लाख रुपये में उन्हें दिलाने का झांसा दिया।
ससुर ने पीड़िता के पति से सलाह की। मेरठ के पुलिस लाइन क्षेत्र निवासी सुकून कुमार का रुकनपुर में स्थित प्लॉट को दिखाया गया। भुगतान कर बैनामा करा लिया। ससुर की मौत हो गई है। प्लॉट पर मकान बनाने की बात कही तो आरोपियों ने न तो प्लॉट दिखाया और न ही रुपये वापस किए।
उनका प्लॉट हड़प लिया। प्लॉट के बारे में बात करने पर धमकी दे रहे हैं। एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कार्रवाई कराई जा रही है।