सरकारी अस्पताल में मौजूद मृतक कृष्णपाल के परिजन
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। बहन के घर दूज देने जा रहे भाई की सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद मुजफ्फरनगर के मलीरा गांव निवासी कृष्णपाल पुत्र फुल्लू (50) सोमवार को बाइक पर नागल के मोहिउद्दीनपुर गांव में अपनी बहन के यहां दूज देने के लिए जा रहा था। शाम करीब 5.45 बजे जब वह सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे-59 पर स्थित नवीन मंडी स्थल के समीप पहुंचे तो तभी पीछे से आ रही तेज गति ट्रैक्टर ट्राली सेे उनकी बाइक में टक्कर लग गई। जिसमें कृष्णपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों से जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कृष्णपाल की जेब से मिले मोबाइल नंबर पर फोन कर उसके परिजनों से संपर्क कर घटना की बाबत जानकारी दी। जिसके बाद परिजन देवबंद पहुंचे। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली समेत फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मृतक कृष्णपाल (फाइल फोटो)- फोटो : DEVBAND