बहनों की शादी में शामिल होने के लिए पेरोल पर आया भाई
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। अपनी दो सगी बहनों के शादी समारोह में शरीक होने के लिए बदमाश भाई को पांच घंटे के पेरोल पर कस्बे में पुलिस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ लाया गया। दिल्ली पुलिस तिहाड़ जेल से बदमाश को लेकर कस्बे में पहुंची। बदमाश की निगरानी के लिए शादी समारोह सहित आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात रहा, जिसको लेकर कस्बा छावनी में तब्दील हो गया।
मेरठ के थाना मवाना क्षेत्र के गांव सठला निवासी सद्दाम उर्फ गोरी पुत्र भूरा किसी अपराध में तिहाड़ जेल में बंद है। सद्दाम बचपन से ही कस्बे के मोहल्ला बेरियान निवासी मामा हाजी यूनुस के यहां रहता था। साथ में उसकी दो बहने भी रहती थी। फिलहाल सददाम तिहाड़ जेल में बंद था। बुधवार को मामा के यहां सददाम की दोनों बहनों की शादी का कार्यक्रम था। कोर्ट के आदेश पर बदमाश सददाम को पांच घंटे का पेरोल दिया गया। दिल्ली की ओखला थाने की पुलिस बुधवार को तिहाड़ जेल से बदमाश सददाम को लेकर कस्बे में पहुंची। बदमाश की निगरानी के लिए स्थानीय पुलिस को लगाया गया था। जिस जगह पर शादी समारोह का कार्यक्रम रखा गया था, इस इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। भारी पुलिस बल को लेकरं कस्बा छावनी में तब्दील हो गया। बदमाश भाई सददाम अपनी दोनों बहनें से मिला। इसके बाद दिल्ली पुलिस बदमाश को कड़ी सुरक्षा के बीच वापस लेकर चली गई। बदमाश पर निगरानी रखने को सीओ शकील अहमद व इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
बदमाश से मिलने वालों को पूछताछ के लिए बुलाया
कस्बे में शादी समारोह में अपनी सगी बहनों से पेरोल पर मिलने आए शातिर बदमाश से कई लोग मिले। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बदमाश से मिलने वाले करीब दो दर्जन लोगों को पूछताछ करने को थाने बुलवाया है। पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस बदमाश से मिलने वालों का पिछला इतिहास भी खंगाल रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि बदमाश से मिलने वालों को पूछताछ के लिए थाने बुलवाया गया है।