धर्मस्थल खुलने से फूलों की मांग बढ़ी
मुजफ्फरनगर, खतौली। धर्मस्थलों को खुलने के बाद जिले में फूलों की मांग बढ़ने लगी है। जिससे फूल उत्पादक किसानों एवं कारोबारियों के भी चेहरे पर रौनक लौटी।
लॉकडाउन समाप्त होने के बाद फूलों की मांग बढ़नी शुरू हुई है। प्रदेश सरकार के निर्णय के बाद धार्मिक स्थल खुलने व शादी समारोह का सीजन शुरू होने से भी फूलों की मांग में इजाफा हुआ है। फूल विक्रेता संजू, सलीम आदि का कहना है कि अब पिछले एक हफ्ते से मांग आने पर फूल मंडी में कई प्रजातियों के फूलों की आपूर्ति हो रही है। फूल कारोबारियों का कहना है कि मुस्लिम समाज में शादी शुरू हो गई हैं। जबकि एक दो दिन में हिंदू समाज में भी शादी समारोह शुरू हो रहे हैं। जिनमें फूलों से बने बुके, सेज, सेहरा, जयमाला, गजरे, फूलों की चुनरी के अलावा गाड़ियों की डेकोरेशन के ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं। मंदिरों में भी आज से फूल मालाओं की मांग आनी शुरू हो गई है।