मीरामपुर । शरारती तत्वों ने मंगलवार की रात में भुम्मा रोड स्थित धार्मिक स्थल में जाहरवीर और गोरक्षनाथ की प्रतिमाओं को खंडित माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया, लेकिन अमन पसंद लोगों ने उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया। प्रतिमाएं खंडित होने पर श्रद्धालुओं ने थाने का घेराव कर आक्रोश जताया। हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने पुलिस को ज्ञापन देकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कसबे में भुम्मा रोड पर प्राचीन धार्मिक स्थल जाहरवीर गोगा की म्हाड़ी है। यहां पर मेला छड़ियान भी लगता है। मंगलवार की रात्रि में शरारती तत्वों ने धार्मिक स्थल में घुसकर जाहरवीर और गौरक्षनाथ भगवान की प्रतिमा को खंडित कर दिया। बुधवार सुबह श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे तो प्रतिमाओं को खंडित पाया। खबर से मौके पर भीड़ लग गई और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बाद में थाने का घेराव कर प्रतिमाओं को खंडित करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की। हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने भी ज्ञापन दिया।
कस्बा इंचार्ज मनोज यादव ने लोगों को मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत किया। ज्ञापन देने वालों में पुजारी नरेश उपाध्याय, राकेश चौहान, वेदप्रकाश प्रजापति, राजबल, प्रेम चंद, सचिन, सुभाष, मनोज कुमार, दिनेश चंद, सत्यवीर आदि रहे। उधर, शिव मानस परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित दीपक शर्मा ने भी घटना पर रोष प्रकट कर प्रशासन से घटना के खुलासे और मंदिर का पुन: निर्माण करवाने की मांग की।