जिले में आंधी से उखड़े पड़े, टूटे खंभे
मुजफ्फरनगर। बुधवार रात आई आंधी से जिले में भारी नुकसान हुआ है। जगह-जगह पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे बिजली के तार टूट गए और खंभे उखड़ गए। पूरी रात शहर अंधेरे में रहा। बृहस्पतिवार को दोपहर तक ही विद्युत आपॅर्ति सुचारु हुई।
बुधवार रात लगभग 12 बजे जिले में आंधी शुरू हुई। शहर में ही कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और बिजली के खंभे उखड़ कर गिर गए। जिले के ग्रामीण अंचल में सैकड़ों स्थानों पर बिजली के खंभों पर पेड़ों के गिरने से तार टूटने के साथ खंभे भी गिर गए। आंधी के साथ हुई तेज बारिश के साथ ही शहर सहित पूरा जिला अंधेरे में डूब गया। बारिश बंद होने के बाद विद्युत निगम के कर्मचारी और अधिकारी लाइनों को ठीक करने में लगे। जो फीडर ठीक होते गए उनमें विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गई। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे से ही शहर में बिजली मिलनी शुरू हुई। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति में समय लगेगा। एसई आरडी सिंह का कहना है कि पेड़ गिरने से तार टूट जाते हैं और कहीं खंभा टूट जाता है या झुक जाता है। अभियान चलाकर बिजली की आपूर्ति सुचारु की गई है।
पानी को तरसते रहे लोग
मुजफ्फरनगर। रात्रि में बिजली के गुल हो जाने से सुबह शहर में लोगों के घरों में पानी आपूर्ति नहीं हो पाई। अधिकतम घरों में मोटर से पानी आता है। बिजली नहीं आने से मोटर चल ही नहीं पाए। सुबह के स्नान आदि के कार्य लोगों ने दोपहर में बिजली आने के बाद किए। आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गेहूं की फसल पर फिर फिरा पानी
इस बार मौसम गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक रहा। गेहूं बुवाई से लेकर कटाई तक किसान मौसम से लड़ता रहा। बारिश के कारण बुवाई लेट हुई तो कटाई के दौरान लगातार बारिश से किसान के सामने संकट की स्थिति रही। जिन किसानों का गेहूं खेतों में कटा पड़ा था बारिश में उनका गेहूं खराब हो गया है। कृषि उपनिदेशक जसवीर सिंह तेवतिया का कहना है कि अब केवल दस प्रतिशत किसानों का गेहूूं ही बचा है बाकी सब अपने घर ला चुके हैं। इसके अलावा आंधी से आम की फसल को भी नुकसान हुआ है। बाग बहार ठेकेदार सठेड़ी निवासी शाहिद, रायपुर नंगली निवासी बाग मालिक गजेंद्र अहलावत ने बताया कि रात में आई आंधी से आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। उधर, पुरकाजी में किसान गोल्डी राठी, पप्पू मुखिया, प्रताप सिंह, बिट्टू राठी आदि ने बताया कि दो दिन पूर्व हुई बारिश से भीग गई गेहूं की फसल अभी सुख भी नहीं पाई थी की बुधवार रात फिर बारिश हो जाने से फसल बिल्कुल खराब हो चुकी है। इसके अलावा आम की फसल भी टूटकर गिर जाने से बाग स्वामियों व ठेकेदारों को भी नुकसान हुआ है।
रात्रि में बारिश व तेज हवा से गिरा वृक्ष।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुरकाजी में खेतों पर पडी बारिश से भीगी गेंहू की फसल- फोटो : MUZAFFARNAGAR