मुजफ्फरनगर में भोपा क्षेत्र के योगेंद्र नगर से दो दिन पहले संदिग्ध हालात में गायब हुए छात्र गुरमीत का शव खुशीपुरा मार्ग के निकट घने जंगल के बीच पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि फोन कॉल के बाद गुरमीत घर से निकला था।
भोपा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सीकरी के मजरे गांव योगेंद्र नगर निवासी कामबीर का पुत्र गुरमीत (17) कक्षा 11 का छात्र था। शनिवार दोपहर अचानक लापता हो गया था। तलाश के दौरान गुरमीत की साइकिल गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर मिली थी। गुरमीत के पिता कामबीर ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर छात्र की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए थे।