मुजफ्फरनगर। शहर में जीआईसी के चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कालेज के बाहर नाले में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। एसओ सिविल लाइन समयपाल सिंह अत्री ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई होगी।
खतौली के फलावदा रोड स्थित मोहल्ला आर्यपुरी निवासी 48 वर्षीय मोहन सिंह पुत्र ओमप्रकाश यहां राजकीय इंटर कॉलेज में चौकीदार था। शनिवार सुबह कुछ लोगों ने जीआईसी के पास स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। नाले में शव पड़ा होने की सूचना पर काफी लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान चौकीदार मोहन सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और उसका पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की है। एसओ समयपाल अत्री ने बताया कि नाले में शव मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पायेगा।