रजबहे के पास खेत में मिला दिव्यांग का शव
मोरना (मुजफ्फरनगर)। दिव्यांग युवक का शव रजबहे के पास स्थित एक खेत में मिला। शव मिलने से पहले युवक का शराब पीने को लेकर कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था, जिससे परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीन युवकों को शक के आधार पर हिरासत में लिया है।
मोरना निवासी दिव्यांग गौतम (25) बुधवार को अपने चचेरे भाई विकास व एक दोस्त के साथ भोकरहेड़ी में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। शाम के समय चचेरा भाई व उसका दोस्त को घर लौट आए, लेकिन गौतम घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन दिव्यांग का सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार सुबह मोरना में भोकरहेड़ी मार्ग स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास रजबहे के किनारे खेत में युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शनाख्त कराई, तो शव की पहचान बुधवार से लापता दिव्यांग गौतम के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे गौतम के भाई प्रताप व चचेरे भाई विकास ने बताया कि शादी समारोह में गौतम का शराब पीने को लेकर दो-तीन युवकों से विवाद हो गया था। इसके बाद से ही वह लापता हो गया था। परिजनों ने उन्हीं युवकों पर गौतम की हत्या किए जाने का शक जताया, जिनसे उसका झगड़ा हुआ था। इसके चलते पुलिस ने उक्त युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसकी हत्या या हादसे का खुलासा हो पाएगा, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।