शिव मूर्ति पर ड्रोन कैमरे से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते डीएम एसएसपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बॉर्डर से लेकर चौराहों तक रही नाकाबंदी
मुजफ्फरनगर। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन को लेकर जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। जिले के सभी बॉर्डर से लेकर मुख्य मार्ग व चौराहों तक जबरदस्त नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त पर रही और संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन को लेकर जनपद को चार सुपर जोन व 20 सेक्टर में बांटकर मंगलवार शाम से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई थी। इसके तहत एक ओर जहां जनपद के सभी बॉर्डर पर बैरियर लगाकर नाकाबंदी की गई, वहीं शहर व कस्बा क्षेत्रों में भी सभी मुख्य मार्गों व चौराहों पर बेरिकेडिंग व बैरियर लगाकर चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी थानेदार दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ सुबह से ही गश्त पर रहे और संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। इसके साथ ही सभी धर्मस्थल भी पुलिस सुरक्षा में रहे। सभी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मुख्य मार्केट भी पुलिस निगरानी में रहे। बुधवार सुबह से ही डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव भी लगातार राउंड पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। वहीं, शहर क्षेत्र में एसपी सिटी सतपाल आंतिल व सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार और देहात क्षेत्र में एसपी देहात नेपाल सिंह संबंधित सीओ के साथ लगातार स्थिति पर नजर रखे रहे।
देर रात चलाया गया होटलों में जांच अभियान
मुजफ्फरनगर। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार देर रात से होटल, धर्मशालाएं व गेस्ट हाउस पुलिस के निशाने पर रहे। सभी थानों की पुलिस ने अपने क्षेत्र के इन ठहरने के स्थलों की जांच-पड़ताल करते हुए वहां रुके सभी लोगों को चेक किया। शहर क्षेत्र में भी डॉग स्क्वॉड के साथ सभी होटलों में चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्ध लोगों की जांच की गई।