कोट रोड स्थित कॉपरेटिव बैंक में वार्ता करते पूर्व ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना की ब्लाक प्रमुख पाल्लो देवी पर गैर कानूनी तरीके से मंदिर-मस्जिद में काम दिखाकर 18 लाख का भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है। ब्लाक में 50 लाख के घोटाले के आरोप लगाए गए हैं।
जिला सहकारी बैंक के सभागार में पत्रकारों से वार्ता में पूर्व ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह और क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया कि बुढ़ाना ब्लाक प्रमुख चुनाव जीतने के बाद से आज तक ब्लाक में नहीं आई है। उनका बेटा विनोद मलिक ब्लाक कार्यालय में बैठता है, जो गैर कानूनी है। ब्लाक प्रमुख कार्यालय को तोड़कर एक नया कार्यालय बनाया गया है, इसमें बैठकर विनोद मलिक राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहता है। पूर्व प्रमुख ने आरोप लगाया कि एक संगठन की टोपी ओढ़कर अधिकारियों और कर्मचारियों को डराया जाता है। 18 लाख का भुगतान मंदिरों और मस्जिदों में काम कराने के नाम पर कर दिया गया है। कानून के अनुसार सरकारी पैसा मंदिर-मस्जिद में नहीं लग सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लाक में 50 लाख से अधिक का घोटाला हुआ है। पहले से हुए कार्यों को दिखा दिया गया है। इस मामले में हम डीएम सीबी सिंह को सबूत के साथ सभी शिकायतें कर चुके हैं। इस मामले की जांच सीडीओ आलोक यादव को दी गई है। पत्रकार वार्ता में प्रधान कपिल कुमार, श्रीपाल, प्रदीप, कुंवरपाल, रीतेश कुमार, विजय आदि मौजूद रहे।