मुजफ्फरनगर। रेलवे द्वारा अधिग्रहीत जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन रेलवे स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी। 11 जनवरी को होने वाले इस आंदोलन में गन्ना पर्ची कम संख्या में आने और गन्ना भुगतान समय से नहीं होने का मुद्दा भी उठाया जाएगा।
सहारनपुर मंडल के महासचिव राजू अहलावत ने बताया कि 11 जनवरी को रेलवे स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा। रेलवे ने किसानों की जो भूमि अधिग्रहीत की है, उसका पैसा किसानों को नहीं मिला है। धरने को लेकर सबसे बड़ा मुद्दा किसानों का मुआवजा रहेगा। इसी के साथ ही गन्ना किसानों को मानक से कम पर्ची मिलना और समय से भुगतान नहीं किया जाना इस आंदोलन में शामिल रहेगा। अहलावत ने बताया कि सरकारी कार्यालयों में बढ़ता भ्रष्टाचार भाकियू के मुद्दों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि चीनी मिलें सरकार और कोर्ट किसी के भी आदेश का पालन नहीं कर रही हैं। 14 दिन में भुगतान का आदेश हवाई हो चुका है। इस बार न तो गन्ना मूल्य बढ़ाया गया है और न ही अधिग्रहीत जमीन का समय से भुगतान किया गया है। किसान ने परेशान होकर 11 जनवरी के आंदोलन का निर्णय लिया है। किसानों की मांग पूरी नहीं की गई तो रेलवे का चक्का जाम किया जाएगा।