गन्ने के बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसानों के धरने के बीच पहुंचे नरेश टिकैत ने कहा कि वे चीनी मिल के साथ आर-पार की लड़ाई लडे़ंगे। जब तक भुगतान नही होगा किसान चैन से नही बैठेगा। धरने के दौरान उत्तेजित किसानों ने चीनी मिल के गेस्ट हाउस पर अपने ताले ठोक दिये।
उत्तेजित किसानों ने कमरों के सामने भूसा डाल दिया। अधिकारियों के साथ वार्ता के दौरान किसानों ने मई माह में 40 करोड़ का भुगतान तथा जुलाई में पूर्ण भुगतान की मांग की। अधिकारियों ने उनकी समस्या के सावधान का आश्वासन दिया।
गन्ने के बकाया भुगतान की मांग को लेकर चीनी मिल पर बारहवें दिन भी किसानों का धरना जारी रहा। पूर्व घोषित बड़ी पंचायत की घोषणा के अनुसार बृहस्पतिवार को भाकियू के सैकड़ों कार्यकर्ता ट्रैक्टर ट्राली, भैंसा बुग्गी आदि पर सवार होकर चीनी मिल पहुंचे। धरनास्थल पर किसानों के बीच पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि हम केवल किसानों के हित की बात करेंगे।
चीनी मिलो ने अपना विश्वास खो रखा है। किसान के पास कुछ नही जा रहा है। किसान पहले भाव की मांग, फिर मिल चलाने की मांग, उसके बाद भुगतान को लेकर लडाई लड रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब किसान अपना गन्ना देकर उसके पैसे की मांग के लिए चीनी मिल तथा प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपने पैसे की मांग कर रहा है। बडी आश्चर्य की बात है गरीब किसान को अपने पैसे के लिए भी धरने आंदोलन का सहारा लेना पड रहा है।
भाकियू के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि किसान 15 मई को चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर सिसौली में एकत्र होंगे। वहीं पर चीनी मिलों के खिलाफ आर-पार की लडाई के बारे में रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी भी कुछ कार्रवाई नही कर रहे है। इनके खिलाफ भी रणनीति तैयार की जाएगी। किसान आर-पार की लडाई की घोषणा करेगा।
इसी बीच उत्तेजित किसान ट्रैक्टर ट्राली में भूसा लेकर चीनी मिल पहुंचे किसानों ने चीनी मिल में रहने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के कमरों के सामने भूसा डाल दिया। किसानों ने गेस्ट हाऊस के कमरों में अपने ताले ठोक दिए। उन्होंने गेस्ट हाऊस के अलावा कई कमरों में भूसा भर दिया। इसी बीच धरनास्थल पर पहुंचे जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश यादव व चीनी मिल के गन्ना अधिकारी कुलदीप राठी को किसानों ने अपने बीच बैठा लिया।
किसानों ने चीनी मिल फाइनेंस कार्यालय पर ताला लगाकर हंगामा किया। डीसीओ, गन्ना समिति के सचिव संजय राठी, एसडीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, सीओ एसपी शर्मा आदि की किसानों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में किसानों ने मई माह में 40 करोड का भुगतान तथा बाकी का सारा भुगतान जुलाई माह तक करने की मांग की।
चीनी मिल तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। धरनास्थल पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक उनकी मांग पूरी नही होगी। किसानों का क्रमिक धरना जारी रहेगा। धरनास्थल पर तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान, ओमपाल मलिक, नीटू दुल्हैरा, सुभाष बालियान, ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ बबलू, जिला पंचायत सदस्य रामनाथ सिंह, धर्मेन्द्र, सुभाष आदि मौजूद रहे। बार एसोएिसशन बुढ़ाना ने भी किसानों के पक्ष में तहसील में नोवर्क किया।