गन्ना तौल केंद्र पर हंगामा करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुगर मिल द्वारा अगैती प्रजाति का गन्न लेने से मना करने पर गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंच कर तौल बंद करा दी और हंगामा किया। चेतावनी दी कि अगर अगैती प्रजाति का गन्ना नहीं लिया गया तो, वे एक भी गन्ना क्रय केंद्र को चलने नहीं देंगे।
गांव मंसूदाबाद में खतौली शुगर मिल गन्ना क्रय केंद्र स्थित है। इस केंद्र पर कर्मचारियों ने किसानों का अगैती प्रजाति का गन्ना लेने से इंकार कर दिया है। जिसको लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ किसान रविवार को एकत्र होकर केंद्र पर पहुंचे और तौल बंद करा दी। किसानों का कहना था कि पिछले तीन वर्ष से शुगर मिल ही अगैती प्रजाति 8903 गन्ने की बुवाई करा रहा है। अब इसे लेने से इंकार कर रहा है।
जिसको लेकर किसानों में भारी रोष व्याप्त है। भाकियू कार्यकर्ताओं और किसानों ने केंद्र पर तौल बंद करा दी और मिल अधिकारियों के खिलाफ हंगामा व प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगैती प्रजाति का गन्ना नहीं लेने पर वे किसी भी केंद्र को नहीं चलने देंगे। इस दौरान भाकियू नेता बिट्टू ठाकुर, पूर्व प्रधान अतर सिंह, ग्राम प्रधान जाकिर राणा, लक्ष्मण सिंह, नरेंद्र, नवीन, गोवर्धन, धर्मवीर, अरविंद आदि शामिल रहे।