मुजफ्फरनगर। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन ने डीएम ऑफिस पर पशु बांध दिए। चौथे दिन भी डीएम दफ्तर पर भाकियू का कब्जा रहा। डीएम अपने ऑफिस नहीं बैठ पाए। भाकियू के तंबू और झंडे कलेक्ट्रेट में अलग ही दिखाई दिए।
गन्ना मूल्य की घोषणा और बकाया भुगतान की मांग को लेकर भाकियू का डीएम ऑफिस पर चौथे दिन भी धरना जारी रहा। चौथे दिन भी डीएम अपने दफ्तर नहीं पहुंचे। भाकियू ने मंगलवार को डीएम ऑफिस पर पशु बांध दिए। ऑफिस प्रांगण में ही झोपड़ी बना दी।
तंबू बना दिए। भोजन भी भाकियू कार्यकर्ता डीएम ऑफिस पर ही बना रहे हैं। डीएम ऑफिस पर जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि जिला प्रशासन सामने आने से डर रहा है। केवल सिटी मजिस्ट्रेट उनके बीच में आ रहा है। सरकार जानबूझकर गन्ने का मूल्य घोषित नहीं कर पा रही है।
जब तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं हो पाता और बकाया भुगतान नहीं मिल पाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने में शाहपुर क्षेत्र के किसान काफी संख्या में शामिल रहे। दिन भर धरना स्थल पर रागिनी का कार्यक्रम भी चला। धर्मेद्र मलिक, ओमपाल मलिक, विकास शर्मा, कपिल सोम आदि ने विचार रखे।