भाजपा ने जीत के लिए बनाई रणनीति
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में भाजपा ने जीत के लिए रणनीति बनाई है। चुनाव प्रचार में जाति के हिसाब से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। वार्डों में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की स्थिति के आधार पर उन्हें ग्रेड दिया गया है। बी और सी ग्रेड के वार्डों को चिह्नित कर पार्टी पूरी ताकत झोंक रही है।
गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने चुनाव संचालन समिति की बैठक ली। इस बैठक में जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पंचायत चुनाव प्रभारी रूपेंद्र सैनी, महामंत्री विजय सैनी, रोहिल वाल्मीकि, विनीत कात्यान, सुनील दर्शन, राहुल वर्मा, अचिंत मित्तल, वैभव त्यागी, प्रदीप सैनी, पंकज वर्मा आदि शामिल रहे। भाजपा ने जिला पंचायत सदस्य के वार्डों की स्थिति की समीक्षा की। पार्टी ने पाया कि कुछ ही वार्ड ऐसे हैं, जिनमें पार्टी की जीत स्पष्ट दिखाई दे रही है। दस से अधिक वार्ड ऐसे हैं, जिनमें थोड़ी सी मेहनत से सफलता मिल सकती है। कुछ वार्ड ऐसे हैं, जिनमें अधिक मेहनत की आवश्यकता है। किन वार्डों में किन जाति के नेता को प्रचार के लिए भेजना है इसकी सूची तैयार की गई है, जिन लोगों को अपनी जाति में काम करने की जिम्मेदारी दी गई है, उनमें मंत्री, विधायक से लेकर पार्टी के पदाधिकारी शामिल हैं। पार्टी ने मुख्य रूप से राज्यमंत्री विजय कश्यप, विधायक प्रमोद उटवाल, विक्रम सैनी, उमेश मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष देवव्रत त्यागी, सतपाल पाल, अमित राठी आदि को प्रचार में लगाएगी।
विद्रोही होंगे निलंबित
क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने चुनाव संचालन समिति की बैठक में उन सभी पार्टी नेताओं की सूची तलब की जो अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए इन सब पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।