- बाईपास स्थित होटल पर करता था काम, पुलिस से हुई झड़प
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर /मीरापुर। मीरापुर निवासी भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य शिवम राजवंशी का इकलौता ममेरा भाई मीरापुर कस्बे के मोहल्ला पड़ाव चौक निवासी अनुराग गुप्ता (30) का शव बाईपास होटल पर शौचालय के पानी के गड्ढे में पड़ा मिला। वह होटल पर काम करता था। वह गड्ढे तक कैसे पहुंचा। कई अन्य सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताकर परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस से परिजनों की झड़प भी हुई।
मीरापुर कस्बे के मोहल्ला पड़ाव चौक निवासी युवक बाईपास स्थित अकरम के होटल पर पिछले चार दिन से काम कर रहा था। सोमवार को वह होटल पर गया था। रात में उसका शव होटल के पीछे बने शौचालय के पानी के गड्ढे में पड़ा मिला। होटल कर्मचारियों ने शव को बाहर निकाल लिया।
सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई। हंगामा कर कहा कि जिस स्थान पर शव मिला है, वह होटल के पीछे काफी दूर है। युवक वहां तक कैसे पहुंचा। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। यहां पर एक दरोगा के साथ परिजनों की झड़प भी हुई।
हंगामे की सूचना पर जानसठ सीओ रूपाली राव भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने परिजनों को शांत कर मौत का कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
भाजपा नेता शिवम राजवंशी ने सीओ से पूरे मामले की बारीकी से जांच की मांग की। सीओ का कहना है कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। बताया गया कि युवक के पिता अनिल समाचार पत्र बांटते हैं। युवक दो बहनों का इकलौता भाई था। बहनों की शादी हो चुकी है।
सवा दो घंटे बाद दी जानकारी, नहीं दिखाए कैमरे
पूरी घटना को लेकर परिजनों में रोष है। परिजन घटना को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि उनके मामा का बेटा होटल पर काफी समय से काम करता था। कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया था। चार दिन पहले से फिर काम पर बुलाया था। होटल के मैनेजर का व्यवहार उनके मामा के बेटे के साथ सही नहीं था। होटल पर आठ कैमरे लगे हैं। कहने के बाद भी कैमरे नहीं दिखाए गए। पुलिस की जांच में कैमरों में युवक शाम चार बजे से दिखाई नहीं दिया। शाम को लगभग छह बजे वह होटल के शौचालय के पानी के गड्ढे में मृत मिला। गड्ढा होटल के पीछे काफी दूर था।
परिजनों ने उठाया सवाल
होटल मालिक ने शव तो गड्ढे से बाहर निकलवा लिया लेकिन परिजनों को तुरंत घटना की जानकारी नहीं दी। रात में लगभग नौ बजे सूचना दी। युवक गड्ढे तक कैसे पहुंचा। होटल मालिक ने शव गड्ढे से बाहर निकलवाने के बाद परिजनों, पुलिस व डॉक्टर को सूचना क्यों नहीं दी। मैनेजर भी अपनी डयूटी आठ बजे समाप्त कर घर चला गया। चार से छह बजे के बीच के आधे घंटे के सीसीटीवी फुटेज भी गायब है।