मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश को विकास से संवारने में जुटी है, जबकि भाजपा चुनावी फायदे के लिए समाज में जहर घोलने का काम कर रही है। कैराना पलायन का मुद्दा भाजपा की साजिश है। मोदी सरकार ने दो साल में गन्ना किसानों के लिए कुछ नहीं किया।
सपा के विकास कार्यों और योजनाओं पर सूबे की जनता दोबारा मौका देगी। सीएम ने बसपा में हो रही बगावत पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में बुआजी का कहीं पता नहीं चलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर शहर को 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की।
सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री बाबू नारायण सिंह की 29वीं पुण्यतिथि पर नसीरपुर गांव के प्रेरणा स्थल पर मंगलवार को सीएम अखिलेश यादव ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा डिप्टी सीएम के पुत्र एवं पूर्व सांसद संजय चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कैराना पलायन और लव जेहाद जैसे मुद्दे उठाकर भाजपा समाज को बांटना चाहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का एक बड़ा नेता खुद पलायन कर गुजरात से यूपी में आया है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण गन्ना किसानों को भुगतान में परेशानी झेलनी पड़ी है। डिजिटल इंडिया के नारे खोखले हैं, जबकि सपा सरकार सूबे के युवाओं को लैपटॉप देकर ई क्रांति से जोड़ा है। अच्छे दिन का नारा देकर जनता को एक बार ही धोखा दिया जा सकता है। भाजपा की नीतियां और योजनाएं सिर्फ कागजी हैं।
सीएम ने कांग्रेस की यूपीए सरकार द्वारा चीनी आयात करने के फैसले को गन्ना उत्पादकों के लिए कष्टकारी बताया और गन्ने का बकाया भुगतान जल्द करने का वायदा किया। मुख्यमंत्री ने बसपा की सरकार में हुए भ्रष्टाचार और जनता के पैसे के दुरुपयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ में जनता के खजाने से जो हाथी खड़े किए गए थे, वो आज भी वैसे ही खड़े हैं। यदि यह धन सूबे के विकास में लगता तो आज प्रदेश कहां होता।
नेताओं की बगावत से बसपा खत्म हो गई है। सपा सरकार ने चार साल में सड़क, बिजली, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आम आदमी को सुलभ जीवन दिया है। सीएम ने पूर्व डिप्टी सीएम नारायण सिंह के नाम पर राजकीय पॉलिटेक्निक और पूर्व मंत्री चितरंजन स्वरूप की स्मृति में नुमाइश मैदान में आधुनिक ऑडिटोरियम बनवाने और मुजफ्फरनगर शहर को 24 घंटे बिजली देने की घोषणा की।
इस मौके पर उन्होंने नौ अरब 36 करोड़ की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। छात्राओं को लैपटॉप, श्रमिकों को साइकिल, वृद्धों, विधवाओं को पेंशन, किसान दुर्घटना बीमा सहित 12 योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। जनसभा को बाबू नारायण सिंह के पौत्र चंदन चौहान, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, साहब सिंह सैनी, रामसकल गुर्जर, अतुल प्रधान, गौरव स्वरूप, मुकेश चौधरी आदि ने संबोधित किया।