हादसे के बाद सड़क पर पड़ी बाइक और घायल युवक।
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन क्षेत्र में भोपा पुल पर रोडवेज बस ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पुल पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने को लेकर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेड़ी निवासी युधिष्ठिर उर्फ बबलू पुत्र ब्रह्म सिंह पेशे से किसान है। वह कोल्हू भी चलाता है। सोमवार को वह नौकर बंगाली गुल्लू (27) पुत्र सुमनचंद के साथ बाइक से कचहरी में तारीख पर आया था। बाइक युधिष्ठिर चला रहा था। पूर्वाह्न 11 बजे जैसे ही दोनों भोपा पुल पर पहुंचे, तभी इनकी बाइक में पीछे से आई रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से गुल्लू की मौके पर ही मौत हो गई और युधिष्ठिर घायल हो गया। इसके बाद बस चालक ने दूसरी बाइक में भी टक्कर मार दी। दूसरी बाइक को सलमान (23) पुत्र इनाम चला रहा था, और बाइक पर दो बच्चे भी बैठे थे। बस की टक्कर से सलमान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइकों में टक्कर मारकर आरोपी चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया।
मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई और जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों युधिष्ठिर और सलमान को अस्पताल भिजवाया। पुलिस को व्यवस्था बनाने और जाम खुलवाने को लेकर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों और मृतक के परिजनों के आने के बाद पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस आरोपी बस चालक की तलाश में जुटी है।