चरथावल। थानाभवन मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं शाहपुर और छपार में हुए हादसों में चार लोग घायल हो गए।
सहारनपुर जिले के कसबा तितरो निवासी 25 वर्षीय शुभम त्यागी पुत्र सुरेश रविवार शाम को बाइक से शहर की ओर से तितरो जा रहा था। चरथावल थाना क्षेत्र में थानाभवन रोड पर ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चौकी प्रभारी एसआई मोहित तेवतिया ने उसे अस्पताल भिजवाया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसआई ने बताया कि परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
वहीं शाहपुर में मोहल्ला कस्सावान निवासी उवेश पुत्र नवाब व हन्नान पुत्र जुल्फिकार बाइक से जा रहे थे। जब वह गांव काकड़ा में पहुंचे तो सामने से आ रही कार से उनकी टक्कर हो गई और दोनों गिर गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं छपार में शनिवार रात कार बसेडा की ओर से आ रही थी। सामने से मदर डेयरी की टाटा 407 आ रही थी। दोनों आपस में टकरा गई। हादसे में कार सवार गुरुकुल थाना मंगलोर निवासी बादल व अभिषेक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। टाटा 407 का चालक फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।