तितावी। क्षेत्र के बघरा स्थित पुराने बस स्टैंड के पास शनिवार शाम मुजफ्फरनगर डिपो की बस की टक्कर लगने से हादसे में बाइक सवार युवक लड़वा निवासी विजय ( 28) की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक यात्रियों से भरी बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। यात्री दूसरी बस से अपनी मंजिल के लिए रवाना हुए।
लड़वा निवासी विजय रोज की तरह मजदूरी के लिए नरोत्तमपुर स्थित कोल्हू पर जा रहा था। शाम करीब पांच बजे जब वह पुराने बस स्टैंड के समीप पहुंचा, तभी मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने उसकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चालक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद बस चालक यात्रियों से भरी बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत बघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। चालक की तलाश शुरू कर दी। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।