हाईवे पर बाइक लूटी, पेट्रोल पंप लूटने की कोशिश
मुजफ्फरनगर/मंसूरपुर। नेशनल हाईवे पर दो बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करके युुवक से बाइक लूट ली। बदमाशों ने कुछ दूर जाकर हाईवे पर ही पेट्रोप पंप पर लूटपाट की कोशिश की। सेल्समैन के शोर मचाने पर पुलिस आई तो बदमाश भाग निकले। घेराबंदी किए जाने पर बदमाश घासीपुरा के पास बाइक को हाईवे पर छोड़ कर जंगल में फरार हो गए। पुलिस बदमाशों को तलाशने में लगी है।
मंसूरपुर गांव निवासी अनूप सिंह पुत्र दयाल सोमवार देर शाम को मुजफ्फरनगर से बाइक से गांव आ रहा था। नेशनल हाईवे पर पराग फैक्ट्री के सामने सड़क पर खड़े दो बदमाशों ने तमंचे दिखाकर आतंकित करके उससे बाइक लूट ली। बदमाश वहां से करीब 200 मीटर दूरी पर मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के निकट रिलायंस पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां पर लूटपाट की कोशिश की। बदमाशों को देखकर सेल्समैन ने शोर मचा दिया। कुछ दूरी पर खड़ी पीआरवी से पुलिसकर्मी उस ओर दौडे़ तो बदमाश मोटर साइकिल लेकर घासीपुरा की तरफ भाग निकले। इसी दौरान लूट का शिकार हुए अनूप सिंह ने भी डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिस पर मंसूरपुर पुलिस घटनास्थल पर जा रही थी, मगर इसी बीच बदमाश घासीपुरा के सामने ही बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस देर रात तक बदमाशों को तलाशने में जुटी रही। बताया गया है कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में भी बदमाश कैद हुए है, मगर दोनों बदमाश हेलमेट पहने थे। देर रात तक पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।