मुजफ्फरनगर, रतनपुरी। क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी बाइक सवार 20 वर्षीय युवक गौरव पुत्र राजकुमार की बुग्गी से टकराकर मौत हो गई। जबकि उसका एक साथी गुल्लू पुत्र बलजोरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी 20 वर्षीय युवक गौरव पुत्र राजकुमार अपने साथी गुल्लू पुत्र बलजोरा के साथ बाइक पर सवार होकर खेत में चलाए जा रहे पानी को देखने जा रहा था। जब वे बड़सू रजबहे की पटरी के पास पहुँचे, तो बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण उनकी बाइक सामने से आ रही बुग्गी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुग्गी की बम बाइक चला रहे गौरव की छाती में काफी अंदर तक धंस गई। जिस कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि बाइक पर बैठा उसका दूसरा साथी गुल्लू पुत्र बलजोरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायल गुल्लू को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, मौके पर पहुँचे परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।